उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने शुक्रवार रात सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) परीक्षा-2022 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया। आगरा की दिव्या सिकरवार ने टॉप किया है। वहीं लखनऊ की प्रतीक्षा पांडेय दूसरे और बुलंदशहर की नम्रता सिंह तीसरे स्थान पर हैं। टॉप 10 में कुल 8 लड़कियां हैं।
इसके अलावा उत्तराखंड की आकांक्षा गुप्ता ने चौथा और अंबेडकरनगर के कुमार गौरव ने पांचवां स्थान हासिल किया है। जबकि लखनऊ की सल्तनत परवीन छठवें, मध्य प्रदेश की मोनिशा बानो सातवें, प्रयागराज की प्राजक्ता त्रिपाठी आठवें,आगरा की ऐश्वर्या दुबे नौवें और गोंडा के संदीप कुमार तिवारी 10वें स्थान पर हैं।
रैंक | अभ्यर्थी का नाम | जिला |
1 | दिव्या सिकरवार | आगरा |
2 | प्रतीक्षा पांडेय | लखनऊ |
3 | नम्रता सिंह | बुलंदशहर |
4 | आकांक्षा गुप्ता | उत्तराखंड |
5 | कुमार गौरव | अंबेडकरनगर |
6 | सल्तनत प्रवीन | लखनऊ |
7 | मोहसिना बानो | मध्य प्रदेश |
8 | प्राजक्ता त्रिपाठी | प्रयागराज |
9 | ऐश्वर्या दुबे | आगरा |
10 | संदीप कुमार तिवारी | गोंडा |
यूपीपीएससी टॉपर दिव्या के पिता बीएसएफ के रिटायर्ड जवान हैं। दिव्या ने बताया कि मैंने अपने तीसरे प्रयास में यूपीपीएससी परीक्षा पास की। उन्होंने कहा कि नतीजे के बाद मैं काफी खुश हूं। ये परिवार के लिए बहुत गर्व का क्षण है।उन्होंने कहा कि मैं अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और दोस्तों से मिले निरंतर समर्थन को दूंगी। मैं सभी लड़कियों को सलाह दूंगी कि वे अपने करियर और लक्ष्यों पर ध्यान दें।
दिव्या की मां बोलीं- बेटी पर काफी गर्व है
दिव्या की मां सरोज ने कहा कि मुझे अपनी बेटी पर काफी गर्व है। उन्होंने कहा कि दिव्या काफी मेहनत करती थी। दिनभर पढ़ाई में जुटी रहती थी। वहीं, दिव्या ने बताया कि सेल्फ स्टडी के अलावा मैंने ऑनलाइन ट्यूशन भी लिया था। इसके अलावा पढ़ाई के लिए जरूरी नोट्स भी बनाए थे।
टॉप 10 में आठ लड़कियां शामिल
दिव्या टॉपर रहीं, जबकि लखनऊ की प्रतीक्षा पांडे और बुलंदशहर की नम्रता सिंह दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। उनके बाद आकांक्षा गुप्ता, कुमार गौरव, सल्तनत प्रवीन, मोहसिना बानो, प्राजक्ता त्रिपाठी, ऐश्वर्या दुबे और संदीप कुमार तिवारी टॉप 10 में शामिल हैं।
इस साल कुल 110 महिला उम्मीदवारों ने राज्य सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की है। पहली बार, पूरी परीक्षा प्रक्रिया रिकॉर्ड 10 महीनों में आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अनुसार, मुख्य परीक्षा 27 सितंबर से 1 अक्टूबर 2022 तक लखनऊ, प्रयागराज और गाजियाबाद जिलों के केंद्रों में आयोजित की गई थी।
मुख्य परीक्षा के लिए कुल 5,311 उम्मीदवार उपस्थित हुए हैं। कुल उम्मीदवारों में से, 1,070 मुख्य परीक्षा के लिए योग्य हैं और साक्षात्कार के लिए उपस्थित होने के पात्र थे। चयनित उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू 20 फरवरी से 21 मार्च तक आयोजित किया गया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफलता प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को बधाई दी और कहा कि इस परीक्षा में प्रदेश की ‘बेटियों’ की रिकॉर्ड सफलता और लगभग हर जिले का प्रतिनिधित्व ‘नए उत्तर प्रदेश’ की एक नई तस्वीर है।
यह भी पढ़ें : History of april 8 : जानिए आज का इतिहास, क्या कुछ है खास
535 total views, 1 views today