लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पोस्टर लगाए जा रहे हैं जिसके माध्यम से संदेश दिया जा रहा है कि यूपी और बिहार एकजुट होकर भाजपा के लोकसभा सदस्यों की संख्या कम कर दें तो केंद्र से भाजपा की सरकार खिसक सकती है।
सपा कार्यकर्ता बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पोस्टर पार्टी कार्यालय के बाहर लगा कर 2024 में भाजपा को केंद्र की सत्ता से बाहर करने का संदेश दे रहे हैं।
यूपी व बिहार में लोकसभा की कुल मिलाकर 120 सीटें हैं जिन पर 2019 के चुनाव में भाजपा ने 100 से ज्यादा सीटें जीती थी। विपक्ष इन प्रदेशों में भाजपा की सीटें कम कर केंद्र की सत्ता से उसे बेदखल करने की योजना बना रहा है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी हाल में ही देश भर के कई बड़े नेताओं से मुलाकात की और विपक्ष को एकजुट किए जाने का संदेश दिया। यूपी के विधानसभा चुनाव में सपा गठबंधन ने भी 125 सीटों पर जीत दर्ज की थी। उम्मीद की जा रही है कि सपा यूपी में भाजपा को कड़ी टक्कर देगी।
बिहार में भाजपा ने जदयू के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और 40 में से 39 सीटें जीती थी। अब जदयू के भाजपा से अलग होने पर भाजपा को राज्य में बड़ी संख्या में सीटों का नुकसान होना तय माना जा रहा है। महाराष्ट्र में भी शिवसेना भाजपा से अलग हो चुकी है। ऐसे में 2024 में भाजपा की राह कठिन मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें :CISF ने निकाली 540 पदों पर भर्तियां, अग्निवीर से अलग हैं ये भर्तियां
391 total views, 1 views today