झारखंड के दुमका से एकतरफा प्यार में हैवानियत की घटना सामने आई है। दुमका में एक लड़की को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई है। इस घटना में लड़की बुरी तरह से जल चुकी है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित लड़की ने शादी से इनकार कर दिया था, इस वजह से नाराज होकर उसके कथित प्रेमी ने इस घटना को अंजाम दिया। बता दें कि बीते दिनों भी दुमका में एक लड़की को जिंदा जलाया गया था।
जरमुंडी के डीएसपी शिवेंदर ने बताया कि लड़की को गंभीर रूप से झुलसी हालत में इलाज के लिए रांची भेजा गया है। घटना जरमुंडी प्रखंड के भालकी गांव में हुई। आरोपी राजेश राउत ने नानी के साथ सो रही 19 साल की मारुति कुमारी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवती 70 फीसदी झुलस गई है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात युवती अपनी नानी के साथ सो रही थी। तभी आरोपी राजेश उनके घर में घुस गया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से घबराए परिजन उसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, वहां से उसे रांची भेज दिया गया। युवती ने बयान में कहा है कि राजेश राउत ने घर में घुसकर उस पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। वह उससे जबर्दस्ती शादी करना चाहता है।
डीएसपी शिवेंदर ने बताया कि आरोपी राजेश राउत पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ का रहने वाला है। इसी साल राजेश राउत की दूसरी लड़की से शादी हुई थी। इसके बाद भी वह घायल युवती पर शादी का दबाव बना रहा था।
युवती भालकी गांव में मामा के घर में रहकर स्नातक की तैयारी कर रही थी। 2021 में उसकी मुलाकात आरोपी राजेश से हुई थी। इसके बाद वह उससे दूसरी शादी करना चाहता था। युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए, इससे खफा होकर उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया।
यह भी पढ़ें : आप देश में कितने बैंक एकाउंट खुलवा सकते हैं 1, 2 या 5? जानिए क्या कहता है RBI का नियम
323 total views, 1 views today