राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साकेत कोर्ट परिसर में शुक्रवार को 4 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी की एक महिला घायल हो गई. गोलियों की आवाज सुन मौके पर दिल्ली पुलिस के जवान पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक महिला आज अदालत में बयान देने के लिए पहुंची थी. वह एक मामले में गवाह है. इसी दौरान उसे गोली मार दी गई. फिलहाल उसे इलाज के लिए तुरंत एम्स में भर्ती करवाया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही। दिल्ली पुलिस की कई टीमें मौके पर मौजूद हैं।
जानकारी के मुताबिक हमलावर वकील की ड्रेस में कोर्ट परिसर में घुसा था। वहां पर उसने एक महिला पर फायरिंग कर दी, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गई। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती करवाया।
चश्मदीदों के मुताबिक हमलावर ने कोर्ट परिसर में चार राउंड फायरिंग की। जिसमें महिला को पेट और अन्य हिस्सों में गोली लगी। वहां पर एक SHO की गाड़ी खड़ी थी, उसकी मदद से ही उसे एम्स पहुंचाया गया। डॉक्टरों की एक टीम उसका इलाज कर रही है।
जानकारी के अनुसार आरोपित व्यक्ति सस्पेंडेड वकील है और जिस महिला को गोली मारी है वह उसकी पत्नी है। दोनों में पहले से विवाद चल रहा था जिस कारण उसने गोली मार दी। फिलहाल आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हथियार के साथ कैसे अंदर घुसा हमलावर?
दिल्ली की साकेत कोर्ट काफी संवेदनशील है। वहां पर आए दिन बड़े-बड़े अपराधियों की पेशी होती रहती है। जिस वजह से सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी रहते हैं। ऐसे में अब सवाल ये उठ रहा है कि आखिर हमलावर कोर्ट परिसर में हथियार लेकर कैसे पहुंचा।
जब रोहिणी कोर्ट में हुई थी फायरिंग
आपको बता दें कि पिछले साल अप्रैल में दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में फायरिंग की घटना हुई थी। उस वक्त सुरक्षा जांच को लेकर दिल्ली पुलिस के जवान और वकील भिड़ गए थे। जिसमें दो वकीलों को गोली लगी थी।
290 total views, 1 views today