Agra News: आगरा से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। वहां मात्र 5 रुपये के कुरकुरे के लिए पति-पत्नी में विवाद इतना बढ़ गया कि शादी टूटने तक की नौबत आ गई। दरअसल, पति ने पत्नी को कुरकुरे का पैकेट नहीं दिलवाया तो पत्नी इतना गुस्सा हो बैठी कि ससुराल छोड़कर मायके चली गई। जिसके बाद ये मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंच गया। दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बन सकी है।
साल 2023 में हुई थी शादी
बता दे कि शाहगंज की रहने वाली एक युवती की शादी साल 2023 में सदर क्षेत्र में हुई थी। पत्नी को कुरकुरा खाने का शौक बहुत था। हुआ यूं कि पत्नी ने कुरकुरा खाने की फरमाइश की तो पति ने उसे कुरकुरा नहीं दिलाया। इस बात पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि मारपीट तक हो गई। इससे गुस्साई पत्नी अपने पति के घर को छोड़कर मायके पहुंच गई। पत्नी ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। पुलिस ने मामला परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया। शनिवार को दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र बुलाया गया।
काउंसलर डॉ. सतीश खिरवार ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी समझौता कराने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बन सकी है। दोनों को अगली तारीख दी गई है। हो सकता है कि मामला सुलझ जाए।
पांच रुपये के कुरकुरे के लिए विवाद
काउंसलर डॉ. सतीश खिरवार ने बताया कि युवती का पति चांदी का काम करता है। पत्नी को शादी से पहले ही कुरकुरा खाने की आदत थी। पत्नी ने बताया कि शादी के छह महीने तक पति ने उसका खूब ख्याल रखा, इसके बाद उसके तेवर बदल गए हैं। छोटी-छोटी फरमाइश भी पूरी नहीं करता है। छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता है। उसने बताया कि दो महीने पहले पांच रुपये के कुरकुरे के लिए बोला तो मना कर दिया। मारपीट तक कर डाली।
पत्नी ने लगाया आरोप
पत्नी ने आरोप लगाया है कि पति उसे बिना बात के रोक-टोक करता है। अगर विरोध करो तो मारपीट करता है। सास भी उसके पति का साथ देती है। पत्नी ने आरोप लगाया है कि पति उसे खर्चे के लिए रुपये भी नहीं देता है। उसे बेवजह मारता पीटता है। वहीं पति का कहना था कि सिर्फ पांच रुपये के कुरकुरे के पीछे पत्नी ने विवाद किया था। जब मैंने कुरकुरा नहीं दिलाया तो ये नाराज हो गई। झगड़ा करने लगी। इस बात से नाराज होकर अपने मायके में चली गई।
यह भी पढ़ें:- Swati Maliwal: सीएम हाउस में आप राज्यसभा सांसद से बदसलूकी, AAP पर हमलावर हुई BJP
67 total views, 1 views today